होम देश-विदेश हिमाचल में भारी बारिश का कहर: सिरमौर और सोलन के सभी स्कूल-आंगनवाड़ी...

हिमाचल में भारी बारिश का कहर: सिरमौर और सोलन के सभी स्कूल-आंगनवाड़ी बंद

0
(फाइल फोटो)

शिमला, 10 जुलाई। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। खराब मौसम और सुरक्षा के मद्देनज़र सिरमौर और सोलन जिलों में शुक्रवार को सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों, शिक्षण संस्थानों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

     मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए भूस्खलन, अचानक बाढ़, पेड़ों के गिरने और सड़कों के बाधित होने की आशंका जताई है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की गई है।

    सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा और सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि लगातार बारिश के कारण विशेष रूप से ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है तथा भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ऐसे हालात में विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।

    इससे पहले गुरुवार देर रात सिरमौर जिले के पांवटा उपमंडल में स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए गए थे। इसके बाद शुक्रवार तड़के नाहन, संगड़ाह, पच्छाद और राजगढ़ के उपमंडलाधिकारियों (एसडीएम) ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूलों को बंद रखने के निर्देश जारी किए।

    मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार शाम से राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 207 मिमी वर्षा सिरमौर जिले के पच्छाद में हुई। इसके अलावा नाहन में 158.5 मिमी, कसौली में 145 मिमी और धर्मपुर में 136.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

    अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई। सोलन में 113 मिमी, पालमपुर में 109 मिमी, जोत में 83 मिमी, जुब्बरहट्टी में 72.9 मिमी, धौलाकुआं में 70 मिमी, पांवटा साहिब में 62.8 मिमी, कुफरी, भरवाईं और घाघस में 62.6 मिमी, शिलारू में 60.1 मिमी, शिमला में 58.8 मिमी, काहू में 56.8 मिमी तथा मशोबरा में 55 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

     प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।