होम छत्तीसगढ़ दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत, एक अन्य...

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत, एक अन्य घायल

0

अंबिकापुर, 11 जुलाई। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई।

      कमलेश्वर थाना क्षेत्र के नर्मदापुर-बिजलहवा मार्ग पर तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।

      जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे नर्मदापुर से बिजलहवा मार्ग पर एक प्लेटिना और एक पल्सर बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

      बताया जा रहा है कि रघुनाथपुर चोरकीडीह निवासी अर्जुन विश्वकर्मा (20 वर्ष) अपनी ससुराल बरीमा जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक पर सवार वंदना निवासी गुड्डू माझी (18 वर्ष), पिता धनाराम, तथा उसका साथी सीतापुर निवासी विफन राम (32 वर्ष) से उसकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई।

      हादसे में अर्जुन विश्वकर्मा और गुड्डू माझी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल विफन राम को पहले नर्मदापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान देर रात उसने भी दम तोड़ दिया।

      इधर, दुर्घटना की सूचना मिलने पर घटनास्थल देखने पहुंचे बिजलहवा निवासी रामायण चौधरी (50 वर्ष) भी लौटते समय एक अलग सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

     पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।