रायपुर, 15 जुलाई। ग्राम नकटी में तोड़फोड़ की कार्रवाई से प्रभावित ग्रामीणों के समर्थन में कांग्रेस लगातार मुखर बनी हुई है। कांग्रेस का कहना है कि प्रभावित ग्रामीण अपनी समस्या और मांगों को लेकर राज्यपाल से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं मिल सका, जिससे ग्रामीणों में निराशा है।
प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद अकबर ने जारी बयान में कहा कि नकटी के प्रभावित ग्रामीणों को राज्यपाल से मिलने का अवसर नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उन्हें राज्यपाल से ऐसी उम्मीद नहीं थी और इस फैसले से पीड़ित परिवारों को गहरा आघात पहुंचा है।
मोहम्मद अकबर ने राज्य सरकार के रवैये पर भी सवाल उठाते हुए विधानसभा में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के उस बयान की आलोचना की, जिसमें उन्होंने नकटी में हुई तोड़फोड़ की कार्रवाई को संवैधानिक बताया था। अकबर ने कहा कि संविधान किसी भी नागरिक की संपत्ति पर बुलडोजर चलाने की अनुमति नहीं देता, बल्कि नागरिकों के संपत्ति संबंधी अधिकारों की रक्षा करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नकटी में बुलडोजर कार्रवाई के जरिए ग्रामीणों की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाकर उनके अधिकारों का हनन किया गया है। कांग्रेस ने दोहराया कि वह प्रभावित ग्रामीणों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।




