रायपुर, 15 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवीन परिसर में आज राज्यपाल रमेन डेका ने लगभग 500 सीटों की क्षमता वाले नए प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। इसके बाद आयोजित ‘उत्कृष्टता अलंकरण समारोह-2025’ में उत्कृष्ट विधायक और उत्कृष्ट संसदीय पत्रकारों को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित मंत्री, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा की भजन संध्या भी आयोजित की गई।
वर्ष 2025 के लिए सत्तापक्ष से विधायक धरमलाल कौशिक और विपक्ष से राघवेंद्र सिंह को उत्कृष्ट विधायक सम्मान से नवाजा गया। वहीं उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार पुरस्कार दैनिक पत्रिका के संतराम साहू को प्रदान किया गया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया श्रेणी में आईबीसी-24 के संवाददाता सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि उत्कृष्ट विधायक और संसदीय पत्रकारों का सम्मान लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने राज्य के विकास और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उच्च संसदीय परंपराओं की मिसाल कायम की है, जिसका अनुसरण अन्य विधानमंडलों को भी करना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी 90 विधायक जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं और उत्कृष्टता अलंकरण का उद्देश्य संसदीय मूल्यों को और सुदृढ़ करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट संसदीय आचरण और कार्यप्रणाली से देश की अन्य विधानसभाओं के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।




