नई दिल्ली, 15 जुलाई। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने अपनी वेबसाइट के नए डिजाइन और बेहतर यूजर अनुभव (यूएक्स) का बीटा वर्जन बुधवार रात 9 बजे लॉन्च कर दिया। यात्री अब नए पोर्टल को https://www.irctc.co.in/eticket/ पर जाकर देख सकते हैं। इसके अलावा मौजूदा आईआरसीटीसी वेबसाइट के होमपेज पर भी बीटा वर्जन का लिंक उपलब्ध कराया गया है।
नई वेबसाइट का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पहले से अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक बनाना है। आईआरसीटीसी के अनुसार वेबसाइट में किए गए बदलावों के सुझाव मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमएनआईटी) के छात्रों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई चर्चा के दौरान दिए थे। वेबसाइट के डिजाइन और यूजर इंटरफेस को अंतिम रूप देने में छात्रों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पहली बार वर्ष 2002 में शुरू की गई थी और वर्तमान में यह प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग संभालती है। नए बीटा वर्जन में वेबसाइट को अधिक साफ-सुथरा, आकर्षक और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है।
बीटा वर्जन के प्रमुख फीचर्स
- अनावश्यक कैप्चा और पॉप-अप से राहत: टिकट बुकिंग के दौरान बेवजह कैप्चा, पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स को हटाया गया है।
- सभी क्लास की सीट उपलब्धता एक साथ: अब यात्रियों को सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही जगह दिखाई देगी।
- तेज और आसान चेकआउट: टिकट बुकिंग के लिए आवश्यक चरणों की संख्या कम कर दी गई है, जिससे प्रक्रिया पहले से अधिक तेज होगी।
- रिपीट बुकिंग की सुविधा: यात्री की जानकारी सुरक्षित रहने से बार-बार विवरण भरने की आवश्यकता नहीं होगी।
आईआरसीटीसी ने बताया कि बीटा वर्जन का उद्देश्य यात्रियों से फीडबैक प्राप्त करना है, ताकि उनके सुझावों के आधार पर वेबसाइट को और बेहतर बनाया जा सके। आने वाले समय में इस नए पोर्टल को अपग्रेड किए जा रहे पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन (Passenger Reservation Engine) के साथ भी जोड़ा जाएगा।
रेलवे लंबे समय से उपयोग में रहे पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी आधुनिक तकनीक के अनुरूप अपग्रेड कर रहा है। इस दौरान सिस्टम को बिना बाधित किए अपग्रेडेशन का कार्य किया गया है। नया रिजर्वेशन इंजन और पूरी तरह विकसित नया आईआरसीटीसी पोर्टल अगले कुछ सप्ताह में यात्रियों के लिए उपलब्ध होने की संभावना है।
आईआरसीटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे नए बीटा वर्जन का उपयोग करें और अपने सुझाव व फीडबैक साझा करें, ताकि वेबसाइट को और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया जा सके।




