होम उत्तर प्रदेश हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने का दावा गलत, निर्माण में मुस्लिम व्यक्ति...

हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने का दावा गलत, निर्माण में मुस्लिम व्यक्ति का भी रहा योगदान: बृजभूषण

0

गोंडा, 17 जुलाई। कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या की हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने के दावों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि ऐसी बातें तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास में हनुमानगढ़ी के निर्माण में एक मुस्लिम व्यक्ति के योगदान का उल्लेख मिलता है और इस संबंध में वहां शिलालेख भी मौजूद है।

      पूर्व सांसद गुरुवार को गोंडा के नवाबगंज स्थित नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर मनकापुर, छपिया, वजीरगंज और नवाबगंज ब्लॉक के हजारों मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

     कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हनुमानगढ़ी संबंधी बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि हनुमानगढ़ी में कभी नमाज नहीं पढ़ी गई। उन्होंने कहा कि इस विषय में गलत जानकारी फैलाने से बचना चाहिए और ऐतिहासिक तथ्यों को सही संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

    शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वह किसी व्यक्ति विशेष की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते। हालांकि उन्होंने सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को अपनी भाषा की मर्यादा बनाए रखने की सलाह दी।

    श्रीराम मंदिर चंदा प्रकरण पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इस मामले का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कोई संबंध नहीं है।