होम छत्तीसगढ़ नारायणपुर में कमीशन मांगने के आरोप में पुलिस निरीक्षक गिरफ्तार

नारायणपुर में कमीशन मांगने के आरोप में पुलिस निरीक्षक गिरफ्तार

0

नारायणपुर, 18 जुलाई। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सैलरी पैकेज इंश्योरेंस और इंश्योरेंस क्लेम दिलाने के नाम पर कथित रूप से कमीशन मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने ही विभाग के एक निरीक्षक को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अधिवक्ता को भी आरोपी बनाया गया है और उसके खिलाफ विधिक प्रक्रिया जारी है।

     पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर निरीक्षक सुरेश चंद यादव तथा एक अधिवक्ता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई। आरोप है कि दोनों ने इंश्योरेंस क्लेम दिलाने के एवज में शिकायतकर्ता से कमीशन की मांग की थी।

     एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में नामजद अधिवक्ता के संबंध में भी नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

     पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायत के आधार पर निष्पक्ष जांच करते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून की नजर में सभी समान हैं और किसी भी व्यक्ति के खिलाफ मिली शिकायत की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की जाएगी।

     पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना अभी जारी है। जांच के दौरान दस्तावेजों, संबंधित व्यक्तियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।