नई दिल्ली 22 जुलाई।देश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार, 22 जुलाई को मध्य भारत, पूर्वी भारत, उत्तर भारत और पूर्वोत्तर भारत सहित 18 राज्यों के लिए भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक मानसून की सक्रियता बनी रहेगी, जिससे कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश, तेज हवाएं, जलभराव, बाढ़ और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका है।आईएमडी के मुताबिक मानसून ट्रफ फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति के करीब है, जबकि हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण वर्षा गतिविधियां तेज हुई हैं। इसके विपरीत दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले सात दिनों तक सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 22 से 25 जुलाई के बीच अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी करते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
कई राज्यों में अगले आठ घंटे बेहद अहम
आईएमडी ने पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, हरियाणा, केरल, ओडिशा समेत 18 राज्यों में अगले आठ घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे कई स्थानों पर जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका है।
दिल्ली-एनसीआर में आज भारी बारिश, 23 जुलाई से राहत के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार को गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, जबकि 24 और 25 जुलाई के लिए कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 26 जुलाई को फिर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों के लिए चेतावनी
उत्तर प्रदेश के मेरठ, शामली, बागपत, बिजनौर, आगरा, मथुरा, रामपुर, बरेली, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र सहित अनेक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 और 24 जुलाई को व्यापक वर्षा तथा 26 और 27 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 25 से 27 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
बिहार में ऑरेंज और येलो अलर्ट
बिहार के कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। पटना, रोहतास, नवादा और कैमूर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पटना, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, बक्सर, सारण, सिवान, वैशाली, समस्तीपुर और बेगूसराय सहित 13 जिलों में येलो अलर्ट लागू है। तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड में देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत जिलों में 22 से 27 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, किन्नौर और सिरमौर जिलों के लिए 22 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में 27 जुलाई तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने और कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ तथा भूस्खलन की आशंका व्यक्त की गई है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश से बिगड़े हालात
लगातार हो रही बारिश के कारण जम्मू-कश्मीर के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। श्रीनगर, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, कुलगाम, शोपियां, गांदरबल, कुपवाड़ा, पुंछ, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, उधमपुर, कठुआ, सांबा और जम्मू में मंगलवार के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 24 जुलाई तक तेज बारिश जारी रहने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में फिर लौटा मानसून
करीब दो सप्ताह के अंतराल के बाद राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है। 22 से 26 जुलाई के बीच कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में व्यापक बारिश तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा की संभावना है।
मध्य प्रदेश में भी लगभग 10 दिन बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ी है। नीमच, मंदसौर, उज्जैन, आगर मालवा, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, देवास, भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, पंचमढ़ी, होशंगाबाद और नरसिंहपुर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।
पंजाब, ओडिशा और झारखंड में भी असर
पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, रूपनगर और मोहाली में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ओडिशा में 22 से 27 जुलाई तक अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है, जबकि 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
झारखंड के रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, पलामू और गढ़वा सहित कई जिलों में मंगलवार को बारिश का पूर्वानुमान है। राज्य में 24 और 25 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भूस्खलन की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।



