होम छत्तीसगढ़ अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

गरियाबंद, 23 जुलाई। गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा महापर्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

      इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। भगवान श्री जगन्नाथ का संदेश सबको साथ लेकर चलने और लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का है। उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए महाप्रभु से सदैव कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।

       रथयात्रा समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

        मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। शासन की सभी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

        उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अंतिम तिथि, जो पहले जून तक निर्धारित थी, उसे उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए तीन महीने बढ़ाकर सितंबर तक कर दिया गया है। उन्होंने पात्र उपभोक्ताओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ कम करने और उन्हें राहत देने के लिए संवेदनशीलता के साथ निर्णय ले रही है।

        मुख्यमंत्री साय ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने सीधे राशि हस्तांतरित की जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आय को मजबूत करने में योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महिलाओं का सशक्त होना सबसे मजबूत आधार है।

      उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चौबीसों घंटे कार्य कर रही है। प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और वे स्वयं प्रतिदिन शिकायतों की समीक्षा करते हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है, जो सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

      रथयात्रा महापर्व में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठानों, भक्ति संगीत और भगवान जगन्नाथ के जयघोष से पूरा अमलीपदर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।