नई दिल्ली, 30 जुलाई। राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने पेलेट गन के कथित इस्तेमाल को लेकर केंद्र सरकार और गृह मंत्री पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी पर पेलेट गन चलाई गई और लोग घायल हुए, तो यह बिना प्रशासनिक अनुमति के संभव नहीं हो सकता।
श्री सिब्बल ने कहा कि यदि इस कार्रवाई की अनुमति एसडीएम ने दी थी, तो गृह मंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या यह फैसला गलत था। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री की चुप्पी से ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी थी या उनकी सहमति थी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं था, तो गृह मंत्री को सार्वजनिक रूप से कहना चाहिए था कि प्रशासन से गलती हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि शुरुआत में भाजपा ने पेलेट गन के इस्तेमाल से इनकार किया था, लेकिन राहुल गांधी द्वारा घायलों के चेहरे और शरीर पर चोटों के निशान दिखाए जाने के बाद यह स्वीकार करना पड़ा कि गोली चलाई गई थी। सिब्बल ने मांग की कि गृह मंत्री इस पूरे मामले की जिम्मेदारी लें, सदन में आकर अपना पक्ष रखें और यदि कोई चूक हुई है तो उसे स्वीकार करें।




