होम देश-विदेश पेपर लीक बिल पर सीजेपी का सवाल, कहा- सिर्फ सजा नहीं, रोकथाम...

पेपर लीक बिल पर सीजेपी का सवाल, कहा- सिर्फ सजा नहीं, रोकथाम का भी बने रोडमैप

0

नई दिल्ली, 30 जुलाई। संसद से पारित ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक’ को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने सरकार पर सवाल उठाए हैं।

     पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार ने पेपर लीक के बाद की कार्रवाई पर तो जोर दिया है, लेकिन इसे रोकने के लिए ठोस व्यवस्था बनाने पर कोई स्पष्ट योजना नहीं दिखाई है।रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी वीडियो में कहा कि केवल सजा, जुर्माना और फास्ट ट्रैक कोर्ट जैसी व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं हैं। उनका कहना था कि जब तक परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार नहीं होंगे, तब तक पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं रुकेंगी।

      उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए एनटीए में सुधार, परीक्षा कैलेंडर और सिलेबस में पारदर्शिता, कोचिंग संस्थानों की निगरानी, डिजिटल ऑडिटिंग, परीक्षा प्रक्रिया की एंड-टू-एंड समीक्षा और परीक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने जैसी मांगें उठाईं।

      सीजेपी प्रवक्ता ने सरकार से छात्रों, शिक्षाविदों और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों सहित सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर व्यापक सुधार लागू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य से जुड़ा विषय है, इसलिए जल्दबाजी में नहीं बल्कि व्यापक विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया जाना चाहिए।