रायपुर, 08 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को रायपुर में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में सेन समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने तथा नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक का नामकरण करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। जन्म, विवाह और मृत्यु सहित भारतीय समाज के विभिन्न संस्कारों में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि समाज ने सनातन परंपराओं और सामाजिक समरसता को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज के कल्याण के लिए केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में किया गया था। पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सैलून किट, कुम्हारों को बैटरी चलित चाक और बढ़ई समाज को कारपेंट्री किट जैसी योजनाएं शुरू की गई थीं। उन्होंने सेन समाज की वर्तमान मांगों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पारंपरिक हुनर और छोटे व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता एवं प्रशिक्षण मिलने की बात कही। उन्होंने सेन समाज के प्रतिनिधियों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में विधानसभा चुनाव के दौरान की गई ‘मोदी की गारंटी’ के कई वादे पूरे किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक खरीदी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जा रहे हैं। वहीं, 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। युवाओं के लिए विभिन्न विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु के जरिए 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होने और नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू किए जाने की भी जानकारी दी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सेन समाज के लिए गौरीशंकर श्रीवास का चयन उचित निर्णय है। उन्होंने कहा कि श्रीवास लगातार समाज के लिए काम कर रहे हैं। विधायक रिकेश सेन भी विधानसभा में समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सेन शक्ति सम्मेलन को सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास विभाग के माध्यम से सेन समाज के युवाओं के लिए प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित सेन समाज के युवाओं को किट का वितरण भी किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, मोना सेन, गौरीशंकर श्रीवास सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और सेन समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




