होम छत्तीसगढ़ ई-20 पेट्रोल को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, सामान्य पेट्रोल का विकल्प...

ई-20 पेट्रोल को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, सामान्य पेट्रोल का विकल्प देने की मांग

0

रायपुर, 09 अगस्त। एथेनॉल मिश्रित ई-20 पेट्रोल को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ई-20 पेट्रोल आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ई-20 पेट्रोल को अनिवार्य करने के बजाय उपभोक्ताओं को सामान्य, बिना एथेनॉल वाला पेट्रोल खरीदने का विकल्प भी दिया जाए।

      श्री शुक्ला ने आज यहां जारी बयान में कहा कि वर्तमान में अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ई-20 पेट्रोल ही उपलब्ध है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं के वाहन ई-20 ईंधन के लिए अनुकूल नहीं हैं, उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिलाकर सरकार को लाभ हो रहा है, जबकि उपभोक्ता पेट्रोल की पूरी कीमत चुका रहे हैं और वाहन संबंधी समस्याओं का अतिरिक्त खर्च भी उठा रहे हैं।

     उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने से पहले इसके फायदे और नुकसान का पर्याप्त वैज्ञानिक परीक्षण नहीं किया। शुक्ला के अनुसार, ई-20 पेट्रोल के इस्तेमाल से पुराने वाहनों में माइलेज कम होने तथा इंजन और अन्य पुर्जों के खराब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

    श्री शुक्ला ने कहा कि विशेषज्ञों के अनुसार एथेनॉल हवा से नमी को अपेक्षाकृत जल्दी सोख सकता है। पुराने वाहनों में इस्तेमाल होने वाले धातु के फ्यूल टैंक और फ्यूल पंप में नमी के कारण जंग लगने की संभावना बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि इससे ईंधन प्रणाली प्रभावित होने के साथ इंजन को भी नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।

    उन्होंने यह भी कहा कि अप्रैल 2023 से पहले निर्मित अथवा ई-10 ईंधन के लिए डिजाइन किए गए वाहनों में लगे रबर सील, गैस्केट, प्लास्टिक और फ्यूल पाइप लंबे समय तक एथेनॉल के संपर्क में आने से कमजोर हो सकते हैं। इससे इनके टूटने या ईंधन रिसाव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका रहती है।