होम छत्तीसगढ़ 15 अगस्त को रायपुर में साय करेंगे ध्वजारोहण, जिलों में मंत्रियों-सांसदों को...

15 अगस्त को रायपुर में साय करेंगे ध्वजारोहण, जिलों में मंत्रियों-सांसदों को मिली जिम्मेदारी

0

रायपुर, 09 अगस्त। छत्तीसगढ़ में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राज्यभर में आयोजित होने वाले मुख्य समारोहों में ध्वजारोहण के लिए जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।

     राजधानी रायपुर के पुलिस मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।जिला मुख्यालय बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और बस्तर में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगे।

     सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सरगुजा में आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम, महासमुंद में खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, दंतेवाड़ा में वन मंत्री श्री केदार कश्यप और कबीरधाम में उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ध्वजारोहण करेंगे।

     इसी क्रम में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, कांकेर में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े तथा जांजगीर-चांपा में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे।

    जशपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, बालोद में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, बलौदाबाजार में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद श्री विजय बघेल और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद श्री संतोष पांडेय ध्वजारोहण करेंगे।

     इसके अलावा कोंडागांव में सांसद श्री भोजराज नाग, बलरामपुर में सांसद श्री चिंतामणि महाराज, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद श्री राधेश्याम राठिया, गरियाबंद में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, सक्ती में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद श्री महेश कश्यप, सुकमा में राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ध्वजारोहण करेंगी।

कोरबा में विधायक श्री अमर अग्रवाल, धमतरी में विधायक श्री अजय चंद्राकर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधायक श्री धरमजीत सिंह, मुंगेली में विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, कोरिया में विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े और नारायणपुर में विधायक सुश्री लता उसेंडी स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगी।

स्वतंत्रता दिवस के सभी मुख्य समारोहों में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के संदेश का वाचन करेंगे। समारोहों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ परेड और अन्य देशभक्ति कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।