होम खास ख़बर लेह में 5.5 तीव्रता का भूकंप, लोगों में दहशत

लेह में 5.5 तीव्रता का भूकंप, लोगों में दहशत

0

लेह, 13 अगस्त। लद्दाख के लेह में गुरुवार सुबह आए 5.5 तीव्रता के भूकंप से लोगों में दहशत फैल गई। सुबह करीब 6:05 बजे आए तेज झटकों से लेह और आसपास के इलाकों में काफी देर तक कंपन महसूस किया गया। कई घरों में बर्तन, पंखे और खिड़कियां हिलने लगीं और घबराए लोग अपने परिवार के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए।

      नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र लेह में 36.881 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 74.402 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। इसकी गहराई महज 10 किलोमीटर थी। कम गहराई में आए भूकंप के कारण सतह पर झटके अपेक्षाकृत अधिक महसूस किए गए।

      राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक भूकंप से अभी तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान या किसी के घायल होने की खबर नहीं है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा दूरदराज के पहाड़ी इलाकों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

      इसी बीच NCS के रिकॉर्ड के अनुसार, सुबह 9:54 बजे लेह क्षेत्र में 4.3 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी गहराई भी 10 किलोमीटर थी।

      प्रशासन की टीमें संभावित नुकसान का आकलन कर रही हैं और लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की जा रही है।