नई दिल्ली, 13 अगस्त।राज्यसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में अपनी रैली के बाद मंच का हवन कर शुद्धिकरण किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे अपना अपमान बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
श्री खड़गे ने कहा कि हल्द्वानी में आयोजित रैली में उन्होंने किसी धर्म या समाज का नाम नहीं लिया था, बल्कि केवल लोगों की समस्याओं को उठाया था। उन्होंने कहा, “बड़े दुख के साथ कहना पड़ता है कि मैंने हल्द्वानी में रैली की। मैंने किसी धर्म का नाम नहीं लिया, समाज का नाम नहीं लिया, बल्कि लोगों की समस्याओं को बताया।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनके भाषण के अगले दिन भाजपा की ओर से हवन कर उस मंच का शुद्धिकरण किया गया। उन्होंने सवाल उठाया, “ये कैसा लोकतंत्र है?”
श्री खड़गे ने कहा कि वह इस मामले को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहते और उन्होंने इस विषय को कभी सदन में भी नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि वह अनुसूचित जाति से आते हैं, लेकिन उन्होंने कभी किसी से अपनी रक्षा करने की अपील नहीं की।
उन्होंने कहा, “मैं कभी किसी के सामने गिड़गिड़ाता नहीं हूं। मेरे अंदर लड़ने की शक्ति है और मैं लड़ता हूं।”
श्री खड़गे ने मंच के शुद्धिकरण की घटना को अपने लिए अपमानजनक बताते हुए कहा कि भाजपा के लोगों द्वारा इस तरह शुद्धिकरण किया जाना उनका अपमान है। उन्होंने मांग की कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।




