रायपुर, 17 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपनी राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण नियुक्तियां करते हुए छत्तीसगढ़ को भी अहम जिम्मेदारियां दी हैं। पार्टी की ओर से घोषित नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महासमुन्द की सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य मेडिकल सर्विसेस कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हस्के को भाजपा सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।
दोनों नेताओं को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी को छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चे की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से पार्टी संगठन में उनकी राजनीतिक एवं सांगठनिक सक्रियता को राष्ट्रीय स्तर पर नई भूमिका मिली है। वहीं दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया की जिम्मेदारी ऐसे समय मिली है, जब भाजपा के राजनीतिक संवाद और जनसंपर्क में डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका लगातार बढ़ी है।
रूपकुमारी चौधरी : पंचायत से संसद और अब राष्ट्रीय नेतृत्व तक

05 जुलाई 1976 को जन्मीं रूपकुमारी चौधरी ने राजनीति विज्ञान में बीए और एमए की शिक्षा प्राप्त की है। महासमुन्द जिले के ग्राम हर्राटार, पोस्ट सराईपाली से उनका संबंध रहा है। वर्तमान में वह बसना में निवास करती हैं। उनके पति का नाम ओमप्रकाश चौधरी है।
रूपकुमारी चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जमीनी स्तर से की। वर्ष 2005 में वह सराईपाली विधानसभा क्षेत्र के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 13 से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुईं। वर्ष 2006 में वह भाजपा जिला महासमुन्द की कार्यकारिणी सदस्य बनीं। वर्ष 2007 में उन्होंने केजुवां प्राथमिक सोसायटी की सदस्य के रूप में तथा 2009 में रायपुर स्थित राज्य सहकारी संघ की प्रतिनिधि के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
वर्ष 2010 में वह बसना विधानसभा क्षेत्र के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 12 से जिला पंचायत सदस्य बनीं। वर्ष 2011 में उन्हें भाजपा महिला मोर्चा, महासमुन्द का जिला महामंत्री बनाया गया। वर्ष 2013 में उन्होंने बसना विधानसभा क्षेत्र से विधायक का चुनाव जीता और विधानसभा पहुंचीं।
इसके बाद संगठन और सरकार में भी उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं। वर्ष 2014 में वह भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश मंत्री बनीं और वर्ष 2015 में छत्तीसगढ़ शासन में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की संसदीय सचिव का दायित्व संभाला। वर्ष 2019 में उन्हें भाजपा महासमुन्द का जिलाध्यक्ष बनाया गया।
वर्ष 2024 में रूपकुमारी चौधरी महासमुन्द लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुईं। वर्ष 2025 से वह भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में कार्य कर रही हैं। अब वर्ष 2026 में उन्हें भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पंचायत प्रतिनिधि से विधायक, प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी और फिर सांसद तक का उनका राजनीतिक सफर अब राष्ट्रीय संगठन के महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुंच गया है।
दीपक म्हस्के : संगठन, संचार और कृषि से जुड़ा अनुभव

दीपक म्हस्के का जन्म 15 मार्च 1968 को हुआ। वर्तमान में वह छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कारपोरेशन के अध्यक्ष हैं और उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त है। भाजपा में वह छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
म्हस्के केंद्र सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के बोर्ड में गैर-सरकारी/स्वतंत्र निदेशक के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया और पार्टी संचार से जुड़ी भूमिकाओं में भी उनकी सक्रियता रही है। अब पार्टी ने उन्हें सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक का दायित्व सौंपा है।
सार्वजनिक जीवन में आने से पहले म्हस्के ने कुछ वर्षों तक कॉलेज में रसायन विज्ञान के प्रोफेसर के रूप में भी कार्य किया। वह कृषि और जैविक खेती से भी लंबे समय से जुड़े रहे हैं और उन्हें कृषि फसलों तथा जैविक खेती का 35 वर्ष से अधिक का अनुभव है। डेटा संग्रह, विश्लेषण और शासन से जुड़े विषयों में भी उनकी विशेष रुचि रही है।
भाजपा की राष्ट्रीय टीम में इन दोनों नेताओं की नियुक्ति से छत्तीसगढ़ को संगठनात्मक स्तर पर दो महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। एक ओर रूपकुमारी चौधरी देशभर में महिला मोर्चे का नेतृत्व करेंगी, वहीं दीपक म्हस्के पार्टी के डिजिटल एवं सोशल मीडिया संवाद को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



