होम ब्रेकिंग न्यूज खरगे का भाजपा पर हमला: ‘कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाने की...

खरगे का भाजपा पर हमला: ‘कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं’

0

पणजी, 17 अगस्त। कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा पलटवार करते हुए भाजपा और आरएसएस पर देश की आजादी की लड़ाई से दूर रहने तथा अंग्रेजों का समर्थन करने का आरोप लगाया।

    श्री खरगे ने कहा कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं है। खरगे ने गोवा की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए उसे ‘चोरों की सरकार’ करार दिया और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की भारी बहुमत से जीत का दावा किया।

     पणजी में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि गोवा की जनता ने जिन कांग्रेस विधायकों को चुनाव जिताया, उन्हें भाजपा ने खरीद लिया। उन्होंने भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस विधायकों को ‘गद्दार’ और ‘भगोड़ा’ बताते हुए कहा कि जनता ऐसे नेताओं को आगामी चुनाव में सबक सिखाएगी।

    खरगे ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार विधायक का चुनाव जीता था, उस समय अमित शाह बच्चे थे। इसलिए भाजपा नेताओं को कांग्रेस की देशभक्ति पर सवाल उठाने के बजाय इतिहास पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में कांग्रेस ने निर्णायक भूमिका निभाई। महात्मा गांधी ने देश की आजादी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया, जबकि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने वर्षों जेल में बिताए। इसके विपरीत, खरगे ने आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा के वैचारिक पुरखों ने स्वतंत्रता आंदोलन से दूरी बनाए रखी और अंग्रेजों का समर्थन किया।

     कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर समाज में विभाजन और नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा देश को जोड़ने के बजाय लोगों को आपस में लड़ाने का काम करती है। उन्होंने उत्तराखंड के हल्द्वानी में उनकी सभा के बाद कथित तौर पर मंच के ‘शुद्धिकरण’ की घटना का उल्लेख करते हुए भाजपा पर धर्म के नाम पर भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा को उसके गुरुओं ने यही सीख दी है।

    खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की नीतियों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण नोटबंदी के बाद रोजगार के अवसर प्रभावित हुए और देश में बेरोजगारी बढ़ी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकारें आम जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय ऐसे फैसले ले रही हैं, जिनसे लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

    उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सराहना करते हुए कहा कि वह देश के युवाओं, छात्रों, दलितों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। खरगे ने कहा कि भाजपा में राहुल गांधी की तरह जनता की आवाज उठाने वाला कोई नेता नहीं है।

     कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारी करने का आह्वान करते हुए खरगे ने कहा कि गोवा की जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर महंगाई कम करने, बेरोजगारी दूर करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया जाएगा।

     जनसभा में गोवा कांग्रेस प्रभारी माणिक राव ठाकरे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडणकर, कांग्रेस विधायक दल के नेता यूरी अलेमाओ, कर्नाटक के मंत्री नरेंद्र स्वामी, मंजूनाथ भंडारी, अंजली निंबालकर, सांसद कैप्टन विरियाटो फर्नांडीस, एडुआर्डो फलेरो सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।