राजनांदगांव, 25 अगस्त। शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शिक्षक साझा मंच ने 27 अगस्त से प्रांतव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल के संबंध में मंच के राजनांदगांव जिला प्रतिनिधिमंडल ने 24 अगस्त को शिक्षा विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन में शामिल होने की औपचारिक सूचना दी।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम राजनांदगांव सहित राजनांदगांव, छुरिया, डोंगरगढ़ और डोंगरगांव के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा संबंधित एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की विभिन्न मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों के निराकरण के लिए संगठन द्वारा लगातार लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जाता रहा है। अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण अब अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया है।
शिक्षक साझा मंच ने कहा कि आंदोलन शिक्षकों के अधिकार, सम्मान, सेवा-सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर किया जा रहा है। मंच ने शिक्षकों से एकजुटता बनाए रखते हुए अनुशासित एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक छन्नू लाल साहू, सह संयोजक ओमप्रकाश साहू, जिला मीडिया प्रभारी अमिताभ दुफारे सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।




