होम उत्तर प्रदेश शिक्षक दिवस पर अखिलेश का सरकार पर निशाना, बोले- बंद प्राथमिक विद्यालय...

शिक्षक दिवस पर अखिलेश का सरकार पर निशाना, बोले- बंद प्राथमिक विद्यालय फिर खुलेंगे

0

लखनऊ, 05 सितम्बर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश में बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही शोषित, वंचित, गरीब और पीड़ित समाज में सामाजिक एवं राजनीतिक चेतना पैदा करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

      श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में बंद किए गए 26 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोला जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा को प्राथमिकता देने के बजाय सरकारी स्कूलों को बंद कर रही है, जिसका सबसे अधिक नुकसान पीडीए वर्ग के विद्यार्थियों को उठाना पड़ रहा है।

      शिक्षक दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी शुक्रवार को प्रदेश के बंद प्राथमिक विद्यालयों में पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इस अभियान के लिए पार्टी ने बंद स्कूल खुलेगा, तो पीडीए पढ़ेगा’ का नारा दिया है।

       अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस अभियान से संबंधित पोस्टर साझा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों में समाजवादी पार्टी आज ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार का ध्यान बंद विद्यालयों को फिर से खोलने और शिक्षा को प्राथमिकता देने की ओर आकर्षित करना है।

       सपा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही शोषित और वंचित समाज में सामाजिक-राजनीतिक जागरूकता पैदा की जा सकती है। शिक्षा से भेदभाव और सामाजिक असमानता को चुनौती देने की क्षमता विकसित होती है तथा समाज में बराबरी और सामाजिक न्याय की भावना मजबूत होती है।

      उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रसार से प्रभुत्ववादी व्यवस्था को चुनौती मिलेगी, भेदभाव समाप्त होगा और समता-समानता पर आधारित सामाजिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अखिलेश यादव ने इसे समाजवादी पार्टी के सामाजिक न्याय और सौहार्दपूर्ण समाज के संकल्प से भी जोड़ा।

      अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने के बजाय उन्हें संसाधनों और शिक्षकों से मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

       उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने पर बंद किए गए सभी प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोलने के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।