रायपुर, 12 सितंबर। दिल्ली में हाल ही में भवन गिरने की घटना में लोगों की मृत्यु और कुछ लोगों के घायल होने के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में भी जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रदेश में ऐसे सभी भवनों को चिन्हित किया जाए, जिनके गिरने की आशंका है और उनकी सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि दिल्ली में एक भवन के अचानक भरभराकर गिरने से कुछ लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हुए। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ में भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे भवनों की पहचान करें, जो जर्जर अथवा क्षतिग्रस्त स्थिति में हैं और जिनके गिरने की संभावना हो सकती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे भवनों में लोगों के रहने या मौजूद रहने की स्थिति नहीं होनी चाहिए। प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि संभावित रूप से खतरनाक भवनों को समय रहते खाली कराया जाए, ताकि किसी भी तरह की जनहानि को रोका जा सके।
साय ने कहा कि किसी भी जर्जर भवन के अचानक गिरने से जान-माल का नुकसान हो सकता है। इसलिए प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता और समय पर कार्रवाई बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन को निर्देशों के पालन में गंभीरता बरतने को कहा है।




