रायपुर/अंबिकापुर, 12 सितंबर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के तत्वावधान में श्री अग्रवाल सभा अंबिकापुर एवं सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के आतिथ्य में 19 और 20 सितंबर को अंबिकापुर में “अग्र महाकुंभ-2026 — सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का संगम” का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी, उद्यमी, युवा और महिला प्रतिनिधि शामिल होंगे।
आयोजन का भव्य उद्घाटन 19 सितंबर को दोपहर 12 बजे होगा। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल करेंगे।
समारोह में राष्ट्रीय संरक्षक सियाराम अग्रवाल, छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा आयोजन के संरक्षक राजेश अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, बसना विधायक संपत अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज सहित अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहेंगे।
आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज ने महाकुंभ के दोनों दिवस उपस्थित रहने की सहमति दी है। उन्होंने प्रदेशभर से आने वाले अग्रबंधुओं के स्वागत-अभिनंदन में स्वयं सहभागी बनने तथा आयोजन को यथासंभव सहयोग देने की भावना व्यक्त की है।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने बताया कि अग्र महाकुंभ को केवल एक औपचारिक अधिवेशन तक सीमित नहीं रखा गया है। इसका उद्देश्य समाज की वर्तमान आवश्यकताओं पर गंभीर मंथन, संगठन को अधिक मजबूत बनाने, नई पीढ़ी की भागीदारी बढ़ाने तथा स्वास्थ्य, संस्कार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर सामूहिक चिंतन के लिए व्यापक मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक और आर्थिक परिवेश में समाज की भूमिका को नए सिरे से परिभाषित करने की आवश्यकता है। इसी दृष्टि से महाकुंभ में समाज की भावी दिशा, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, सेवा कार्यों के विस्तार तथा सामाजिक एकजुटता जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी।
दो दिवसीय आयोजन को लेकर अग्रवाल समाज में उत्साह है। आयोजकों का मानना है कि अंबिकापुर में होने वाला यह महाकुंभ प्रदेशभर के अग्रवाल समाज को एक मंच पर लाने के साथ सामाजिक सेवा, संगठनात्मक शक्ति और सामुदायिक विकास के लिए नई दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




