राजनांदगांव, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव में रेलवे से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने रेलवे क्रॉसिंग, अंडरब्रिज, ओवरब्रिज और सर्विस रोड से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, नागपुर मंडल के DRM दीपक गुप्ता सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में राजनांदगांव शहर में रेलवे क्रॉसिंग के कारण उत्पन्न यातायात और आवागमन की समस्याओं के समाधान के लिए चल रहे तथा प्रस्तावित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
चिखली गेट (स्टेशन पारा) स्थित LC-460 और गौरीनगर गेट LC-459 पर अंडरब्रिज निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों कार्य समाप्ति के चरण में हैं। कुछ कारणों से काम बीच में रुक गया था। रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि रुके हुए कार्य को जल्द दोबारा शुरू कर शीघ्र पूरा किया जाएगा।
बैठक में बरगा, मुसरा और आलीवाड़ा क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज की स्थिति पर भी चर्चा हुई। हाल में हुई तेज बारिश के कारण ओवरब्रिज में आई दरारों को लेकर डॉ. रमन सिंह ने तत्काल जांच कराने और आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बरगा रेलवे ओवरब्रिज में सर्विस रोड निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने को कहा गया।
परमालकसा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। वर्तमान में ग्रामीण पानी निकासी के लिए बनी पुलिया के जरिए रेलवे ट्रैक पार करते हैं। रेलवे लाइन के दूसरी ओर खेत और स्कूल होने के कारण ग्रामीणों तथा विद्यार्थियों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान पुलिया में पानी भर जाने से समस्या और बढ़ जाती है।
डॉ.सिंह ने कहा कि रेलवे से जुड़े विकास कार्यों का संबंध केवल यातायात व्यवस्था से नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और क्षेत्र के विकास से भी है। उन्होंने कहा कि अंडरब्रिज, ओवरब्रिज और सर्विस रोड जैसे जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय कर लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और उनके शीघ्र क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।




