होम देश-विदेश उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह पंचतत्व में विलीन

उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह पंचतत्व में विलीन

0

नरौरा 23 अगस्त।उत्‍तरप्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्‍याण सिंह का आज बुलंदशहर जिले के नरौरा में गंगा नदी के तट पर पूरे राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्‍कार कर दिया गया।

स्वं कल्‍याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह ने उन्‍हें मुखाग्नि दी। इस अवसर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, उत्‍तरप्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और मध्‍यप्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा कई केन्‍द्रीय मंत्री और गणमान्‍य व्‍यक्ति उपस्‍थित रहे। श्री शाह ने इस अवसर पर कहा कि बाबू जी का जाना भारतीय जनता पार्टी के लिए भारी क्षति है और उनके जाने से पैदा हुए शून्‍य को भर पाना मुश्‍किल होगा। उनके जाने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने अपना एक दिग्‍गज और हमेशा संघर्षरत रहने वाला नेता खोया है। पूरा जीवन उत्तर प्रदेश के विकास को समर्पित रहा, उत्तर प्रदेश के गरीब लोगों को समर्पित रहा और उत्तर प्रदेश को देश के सबसे अच्छा प्रदेश बनाने के लिए वो कार्यरत रहे।

श्री सिंह का लम्‍बी बीमारी के बाद शनिवार को लखनऊ के एक अस्‍पताल में उनका निधन हो गया। उनके सम्‍मान में उत्‍तरप्रदेश में आज अवकाश घोषित किया गया। राजस्थान सरकार ने दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

उत्‍तरप्रदेश सरकार ने अयोध्‍या में राम जन्‍मभूमि की ओर जाने वाली सड़क का नाम कल्‍याण सिंह के नाम पर रखने की घोषणा की है। इसके अलावा लखनऊ, प्रयागराज, बुलंदशहर और अलीगढ़ में भी एक-एक सड़क का नाम कल्‍याण सिंह के नाम पर रखा जाएगा। कल्‍याण सिंह उत्‍तरप्रदेश के दो बार मुख्‍यमंत्री रहे और उन्‍होंने हिमाचल प्रदेश और राजस्‍थान के राज्‍यपाल के रूप में भी सेवाएं दी। वह बुलंदशहर और एटा संसदीय क्षेत्र से सांसद भी चुने गए।