Monday , February 2 2026

एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने नामाकंन किया दाखिल

नई दिल्ली 24 जून।राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(एनडीए) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने आज संसद भवन परिसर में नामांकन दाखिल किया।

सुश्री मुर्मू के नामांकन दाखिल करते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा तथा भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और एनडीए सहयोगी नेता उपस्थिति थे।

श्रीमती मुर्मू ने नामांकन पत्र के चार सेट दाखिल किए। नामांकन पत्र के पहले सेट पर प्रस्‍तावक के रूप में हस्ताक्षर करने वालों में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री शामिल हैं। जबकि अन्‍य सेटों पर हस्‍ताक्षर करने वालों में केन्‍द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार श्रीमती मुर्मू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार से बात की और उनकी पार्टी का समर्थन मांगा।

विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को राष्‍ट्रपति पद के लिए पर्चा भरेंगे। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 29 जून है। मतदान 18 जुलाई को होगा और वोटों की गिनती 21 जुलाई को की जायेगी।