MainSlideछत्तीसगढ़

रमन ने 36 महीनों में रेडियो पर 36 बार जनता को सम्बोधित कर बनाया कीर्तिमान

रायपुर 12 अगस्त।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह रेडियो पर गत 36 महीनों में लगातार 36 बार जनता को सम्बोधित करने का नया कीर्तिमान बनाया है।ऐसा करने वाले वह देश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।

आकाशवाणी के रायपुर केन्द्र से आज 12 अगस्त को उनकी मासिक रेडियो वार्ता ’रमन के गोठ’ की 36वीं कड़ी का प्रसारण हुआ।डॉ.सिंह देश पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो विगत तीन वर्षों से हर महीने के दूसरे रविवार को सवेरे 10.45 से 11.05 बजे तक नियमित रूप से रेडियो पर प्रदेशवासियों को सम्बोधित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री की इस लोकप्रिय रेडियोवार्ता का पहला एपिसोड 13 सितम्बर 2015 को प्रसारित हुआ था। साक्षात्कार शैली पर आधारित अपने इस रेडियो कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता को सरकार की विभिन्न लोक हितैषी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।मासिक रेडियोवार्ता में मुख्यमंत्री शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, खेती-किसानी, तीज-त्यौहार, कला-संस्कृति, युवा कल्याण, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण आदि से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी करते हैं।उनकी रेडियो वार्ता की 37 वीं कड़ी का प्रसारण नौ सितम्बर को होगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की इस मासिक रेडियो वार्ता को राज्य में स्थित आकाशवाणी के सभी केन्द्र एक साथ प्रसारित करते हैं, वहीं आकाशवाणी के जगदलपुर केन्द्र से उनकी वार्ता का बस्तर की आंचलिक बोली ’हल्बी’ में और अम्बिकापुर केन्द्र से सरगुजा की आंचलिक बोली सरगुजिहा में भी प्रसारण हो रहा है।

Related Articles

Back to top button