MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूजराज्य

“नक्सल मुद्दे पर राजनीति न करें”: भूपेश का अमित शाह पर पलटवार

रायपुर, 30 मार्च।छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल ने नक्सलवाद के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लोकसभा में दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बघेल ने शाह के बयान को “सरासर झूठ” बताते हुए इसे राजनीतिक प्रेरित करार दिया।

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने बयान में बघेल ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की नियमित बैठकें आयोजित की गई थीं। इन बैठकों में राज्यों के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक भी शामिल होते थे, लेकिन उस दौरान केंद्र सरकार की ओर से कभी यह आपत्ति नहीं जताई गई कि कोई राज्य नक्सलियों को संरक्षण दे रहा है।

   बघेल ने अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान नक्सल विरोधी अभियानों पर केंद्र ने कोई आपत्ति जताई हो, तो उसका प्रमाण सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उस समय कोई आपत्ति नहीं थी, तो अब इस तरह के आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं।

   पूर्व मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति न करने की नसीहत देते हुए कहा कि इस समस्या से लड़ाई सभी सरकारों ने मिलकर लड़ी है। उन्होंने कहा, “आप अपनी पीठ जरूर थपथपाइए, लेकिन हमारी पीठ पर पैर रखकर ऊंचा उठने की कोशिश मत कीजिए।”

    बघेल ने यह भी दावा किया कि उनकी सरकार ने बस्तर के सुदूर क्षेत्रों में सुरक्षा कैंप स्थापित किए, जिनके कारण वर्तमान में चल रहे सुरक्षा अभियान संभव हो सके हैं। उन्होंने कहा कि यदि ये बुनियादी ढांचा तैयार नहीं किया गया होता, तो आज के ऑपरेशन इतने प्रभावी नहीं हो पाते।

    इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नक्सली हिंसा में कांग्रेस ने अपने कई वरिष्ठ नेताओं को खोया है और एक बड़े हमले की जांच को भी कथित तौर पर आगे नहीं बढ़ने दिया गया। बघेल ने कहा कि उनकी पार्टी ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में भारी कीमत चुकाई है।

Related Articles

Back to top button