देश के बिजली संयंत्रों में कोयले का पर्याप्त भंडार

नई दिल्ली 08 अप्रैल।सरकार ने आज कहा कि देशभर की खदानों और बिजली संयंत्रों में कोयले का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव संजीव कुमार कस्सी ने पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर आयोजित अंतरमंत्रालयी ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के मद्देनजर कोयले की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं हुई है और कोयले का पर्याप्त भंडार बनाए रखा गया है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देशभर में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और सामान्य आपूर्ति जारी है।उन्होंने आगे कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी गई ताकि हर घर में शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके और व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति को विनियमित किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पीएनजी कनेक्शनों का विस्तार किया है और व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति को भी चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि देश भर में बंदरगाहों का संचालन सामान्य है और कहीं भी भीड़भाड़ की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने 700 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की है और समुद्री संचालन को निर्बाध बनाए रखने के लिए समन्वय जारी है।




