असम, केरल, पुद्दुचेरी में शांतिपूर्ण मतदान, कई क्षेत्रों में रिकॉर्ड वोटिंग

नई दिल्ली 09 अप्रैल।असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए आज मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। तीनों राज्यों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कई जिलों में उल्लेखनीय मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया।
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए हुए मतदान में कुल 85.4 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। राज्य के दक्षिण सालमारा-मनकाचर जिले में सबसे अधिक 95.17 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पूरे प्रदेश में सबसे ऊंचा रहा।
केरल की 140 सीटों पर भी मतदाताओं ने उत्साह दिखाया। यहां कुल 78.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कोझिकोड जिले में सबसे अधिक 80.89 प्रतिशत वोट पड़े।
केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए 89.83 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो काफी उच्च मतदान प्रतिशत माना जा रहा है।
इधर, अन्य राज्यों में हुए उपचुनावों में भी मतदाताओं ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। कर्नाटक के बागलकोट उपचुनाव में 68.70 प्रतिशत और दक्षिण दावनगेरे में 68.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नागालैंड के मोकोकचुंग जिले के कोरिडांग विधानसभा क्षेत्र में 82.21 प्रतिशत वोट पड़े, जबकि त्रिपुरा की धर्मनगर सीट पर 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जो अगले महीने 4 तारीख को होगी। असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुद्दुचेरी के चुनाव परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे।




