हुगली, 20 अप्रैल।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सरकारी तंत्र का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह आचरण आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है और इसे लेकर उनकी पार्टी चुनाव आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराएगी।
तारकेश्वर में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में “अवैध प्रचार” किया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी संसाधनों और मंचों का उपयोग किसी राजनीतिक दल के प्रचार के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस मामले को लेकर उनकी पार्टी चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाएगी और उचित कार्रवाई की मांग करेगी।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए कि जब यह विधेयक सितंबर 2023 में पारित हो चुका है, तो इसे अब तक लागू क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि एक ही विधेयक को बार-बार उठाना और उस पर राजनीतिक बयानबाजी करना जनता को भ्रमित करने जैसा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण कानून को परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ दिया है, जिससे इसके लागू होने में देरी हो रही है। बनर्जी ने कहा कि पर्याप्त समर्थन न होने के बावजूद केंद्र सरकार द्वारा इस तरह के कदम उठाना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।अपने संबोधन के अंत में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी का पतन शुरू हो चुका है और जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी।




