होम ब्रेकिंग न्यूज ममता का आरोप,“फर्जी मतदान के लिए केंद्रीय बलों का इस्तेमाल कर सकती...

ममता का आरोप,“फर्जी मतदान के लिए केंद्रीय बलों का इस्तेमाल कर सकती है बीजेपी”

0

हुगली, 22 अप्रैल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी चुनाव में फर्जी मतदान कराने के लिए केंद्रीय बलों का दुरुपयोग कर सकती है। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से सतर्क रहने और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि से दूर रहने की अपील की।

    हुगली जिले के हरिपाल में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे मतदान के दिन अपने अधिकार का निर्भय होकर प्रयोग करें और किसी भी प्रकार के दबाव या हस्तक्षेप को बर्दाश्त न करें। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों की बड़ी संख्या में तैनाती की जा रही है और उनका इस्तेमाल गलत तरीके से किया जा सकता है।

    ममता बनर्जी ने केंद्रीय बलों से भी अपील करते हुए कहा कि वे निष्पक्षता बनाए रखें और राजनीति से दूर रहें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर केंद्रीय बलों द्वारा पक्षपातपूर्ण व्यवहार की शिकायतें मिल रही हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए चिंताजनक है।

    मुख्यमंत्री ने मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं से कहा कि यदि मतदान केंद्रों पर उनके साथ किसी प्रकार की अनुचित कार्रवाई होती है तो वे कानूनी उपाय अपनाएं, लेकिन किसी भी स्थिति में हिंसा का सहारा न लें। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखते हुए बड़ी संख्या में मतदान में भाग लेने की अपील की।

    अपने भाषण में उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और दावा किया कि बीजेपी की सरकार अल्पमत में है तथा जल्द ही गिर सकती है। उन्होंने कहा कि हाल के चुनावों में जनता ने बीजेपी को सबक सिखाया है और आने वाले समय में भी यही रुख जारी रहेगा।

   इसके अलावा, ममता बनर्जी ने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से हज यात्रा पर जाने से पहले मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव से ठीक पहले हज उड़ानों की शुरुआत एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा हो सकती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे पहले अपने मताधिकार का प्रयोग करें और उसके बाद ही यात्रा पर जाएं।