होम छत्तीसगढ़ सुशासन तिहारःमुख्यमंत्री साय ने ग्रामीणों से किया सीधे संवाद

सुशासन तिहारःमुख्यमंत्री साय ने ग्रामीणों से किया सीधे संवाद

0

रायपुर, 3 मई।प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के तहत जशपुर जिले का सुदूर वनांचल क्षेत्र उस समय जीवंत जनसंवाद, संवेदनशील नेतृत्व और आत्मीयता का साक्षी बना, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न गांवों का दौरा कर सीधे ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान प्रशासनिक समीक्षा के साथ-साथ कई ऐसे भावुक और प्रेरणादायक दृश्य सामने आए, जिन्होंने शासन के मानवीय चेहरे को उजागर किया।

    ग्राम भैंसामुड़ा में एक बेहद भावुक क्षण तब देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री की नजर 4 वर्षीय बच्ची मानविका चौहान पर पड़ी। वे सहज ही उसके पास पहुंचे, उसे गोद में उठाया और स्नेहपूर्वक बातचीत की। जब बच्ची ने तुतलाते हुए कहा—“मुझे डॉक्टर बनना है”, तो मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए उसे आशीर्वाद दिया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने पास रखा चश्मा पहनाकर बच्ची को पुचकारा, जिससे वहां उपस्थित सभी लोग भावुक हो उठे।

   पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम चंदागढ़ में मुख्यमंत्री का दौरा एक प्रेरणादायक कहानी से भी जुड़ा। वे अचानक ‘लखपति दीदी’ सुमिला कोरवा की किराना दुकान पहुंचे। सुमिला ने मुद्रा योजना से ऋण लेकर इस दुकान की शुरुआत की थी, जो आज गांव की जरूरतों का केंद्र बन चुकी है।मुख्यमंत्री ने दुकान से सामान खरीदा और स्वयं भुगतान किया। जब सुमिला ने पैसे लेने से मना किया, तो उन्होंने कहा—“यह आपकी मेहनत का हक है।” उन्होंने सुमिला की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे आगे चलकर “करोड़पति दीदी” भी बनेंगी।

   शासकीय प्राथमिक शाला चंदागढ़ में मुख्यमंत्री का एक अलग ही रूप देखने को मिला, जब वे बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने मैदान में उतर गए। बच्चों के साथ खेलते हुए उन्होंने उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और खेल सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।बच्चों के उत्साह को देखते हुए उन्होंने कलेक्टर को क्रिकेट किट और स्पोर्ट्स ड्रेस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके।

   ग्राम चंदागढ़ में बरगद के पेड़ के नीचे आयोजित जनचौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने राशन, पेयजल, बिजली, राजस्व और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकार को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो सके।

    जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘लखपति दीदी’ सुमिला कोरवा और पुष्पलता चौहान से संवाद किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 8 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जबकि देशभर में यह संख्या 3 करोड़ से अधिक है।महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा ईंट निर्माण, किराना दुकान और बीसी सखी जैसे कार्यों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की मुख्यमंत्री ने सराहना की।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें—

  • सामुदायिक भवन निर्माण
  • मिनी स्टेडियम निर्माण
  • सीसी रोड निर्माण
  • बच्चों के लिए खेल सामग्री और यूनिफॉर्म शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को इन कार्यों के लिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

   दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण, चरण पादुका योजना सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से अब ग्रामीणों को आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित कई सेवाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं।