होम छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संरक्षण में बढ़ा नक्सलवाद, मोदी-शाह सरकार ने किया खत्म

कांग्रेस के संरक्षण में बढ़ा नक्सलवाद, मोदी-शाह सरकार ने किया खत्म

0

रायपुर 13 मई।भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यसमिति बैठक में नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से माओवादी आतंक को संरक्षण दिया, जबकि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने निर्णायक कार्रवाई कर नक्सलवाद के सफाए का काम किया। भाजपा ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर राजनीति करने वाली कांग्रेस को अब सबक लेना चाहिए।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा प्रस्तुत और वन एवं सहकारिता मंत्री  केदार कश्यप द्वारा समर्थित नक्सल उन्मूलन प्रस्ताव में कहा गया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक नक्सलवाद को “वंचितों का आंदोलन” बताकर उसके प्रति नरम रुख अपनाया। भाजपा ने आरोप लगाया कि सलवा जुडूम का विरोध, झीरम हमले पर दिए गए बयान और सुरक्षा बलों की कार्रवाई पर सवाल उठाने जैसे मामलों ने कांग्रेस की माओवादी आतंक के प्रति कथित “सॉफ्ट कॉर्नर” की मानसिकता को उजागर किया।

    प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री श्री  मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन का संकल्प लिया गया, जिसके बाद सुरक्षा बलों और राज्य सरकार ने समन्वित रणनीति के तहत बड़ी सफलता हासिल की। भाजपा ने दावा किया कि एक समय 12 राज्यों में फैला वामपंथी उग्रवाद अब सीमित क्षेत्रों तक सिमट चुका है और छत्तीसगढ़ भी नक्सलमुक्ति की दिशा में निर्णायक दौर में पहुंच गया है।

    भाजपा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव  सरकार की पुनर्वास नीति की भी सराहना करते हुए कहा कि “पूना मारगेम-पुनर्वास से पुनर्जीवन” पहल के माध्यम से हिंसा छोड़ने वाले युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया गया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आर्थिक सहायता, कौशल प्रशिक्षण, शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

    कार्यसमिति प्रस्ताव में नक्सल विरोधी अभियान में शहीद हुए सुरक्षा बलों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आदिवासी नागरिकों के बलिदान को श्रद्धांजलि देते हुए कहा गया कि यह उपलब्धि लोकतंत्र और संविधान की मजबूती का प्रतीक है। भाजपा ने कांग्रेस से अपील की कि वह राष्ट्रीय और आंतरिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर राजनीतिक लाभ लेने से बाज आए।