रायपुर, 13 मई। राजधानी रायपुर के हृदय स्थल नयापारा स्थित सदर बाजार के ऐतिहासिक श्री बांके बिहारी मंदिर में जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद कल 14 मई गुरुवार को भव्य विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। मंदिर में पिछले सात दिनों से धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं, जिसकी शुरुआत 8 मई से हुई थी।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल और महामंत्री सुरेश चौधरी ने बताया कि लगभग 157 वर्ष पुराने इस मंदिर की स्थापना वर्ष 1870 में श्रद्धेय बैजू अग्रवाल द्वारा की गई थी। लंबे समय से यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। समय के साथ मंदिर भवन जर्जर हो गया था, जिसके बाद मंदिर ट्रस्ट और समाजजनों के सहयोग से इसका भव्य पुनर्निर्माण राजस्थानी स्थापत्य शैली में कराया गया है।
उन्होंने बताया कि मंदिर में भगवान श्री बांके बिहारी और राधा रानी के अलावा भगवान शिव-पार्वती एवं ज्योतिर्लिंग, अष्टभुजा मां दुर्गा, श्री हनुमान, माता महालक्ष्मी और महाराजा अग्रसेन के विग्रह स्थापित किए जाएंगे। भगवान श्री बांके बिहारी की करीब पांच फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं मकराना के सफेद संगमरमर से तैयार की गई हैं, जिन्हें जयपुर से रायपुर लाया गया है।
मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज अग्रवाल और कोषाध्यक्ष अजय खेतान ने बताया कि संपूर्ण प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव प्रख्यात कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य आचार्य ओमप्रकाश जोशी के सानिध्य में संपन्न होगा। आयोजन के दौरान 11 विद्वान पंडित सात दिनों तक वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करा रहे हैं।
मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, इस विशाल निर्माण कार्य को पूरा करने में पिछले दो वर्षों से सैकड़ों मजदूर लगातार कार्यरत रहे। मंदिर के प्रथम तल पर बनाए गए “अर्णव हाल” का नामकरण स्वर्गीय अर्णव अग्रवाल की स्मृति में किया गया है। वहीं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक लिफ्ट भी स्थापित की जा रही है।
प्रचार-प्रसार प्रमुख संजय अग्रवाल और संजीव अग्रवाल ने बताया कि यह मंदिर स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक स्मृतियों से भी जुड़ा रहा है। अनेक स्वतंत्रता सेनानी और प्रतिष्ठित व्यक्तित्व यहां दर्शन करने आते रहे हैं। भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता एवं निर्माता पृथ्वीराज कपूर ने भी रायपुर प्रवास के दौरान मंदिर पहुंचकर ठाकुर जी के दर्शन किए थे।
मंदिर ट्रस्ट ने धर्मप्रेमियों से विशेष आग्रह किया है कि प्राण प्रतिष्ठा विधान के अंतर्गत भगवान के आसन के नीचे स्थापित किए जाने हेतु श्रद्धालु अपनी श्रद्धानुसार मूंगा, मोती, सोना, चांदी, तांबा तथा अन्य शुभ धातुएं एवं रत्न अर्पित कर सकते हैं।




