रायपुर, 13 मई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे किसानों की आय में वृद्धि, कृषि को अधिक लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि धान सहित विभिन्न खरीफ फसलों के एमएसपी में की गई बढ़ोतरी यह दर्शाती है कि केंद्र सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में धान के एमएसपी में हुई ऐतिहासिक वृद्धि ने किसानों के सम्मान, आत्मविश्वास और आर्थिक स्थिति को नई मजबूती प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हितैषी नीतियों के चलते प्रदेश में रिकॉर्ड धान खरीदी हुई है और किसानों का भरोसा सरकार पर लगातार मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण, कृषि उन्नति और ग्रामीण विकास के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है। किसानों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने और कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
श्री साय ने किसानों के हित में लिए गए इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया।




