होम ब्रेकिंग न्यूज टीएमसी में बगावत पर पलटवार: कल्याण बनर्जी और कीर्ति आजाद ने बागी...

टीएमसी में बगावत पर पलटवार: कल्याण बनर्जी और कीर्ति आजाद ने बागी नेताओं को बताया ‘गद्दार’

0

नई दिल्ली, 09 जून। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में कथित अंदरूनी असंतोष और बगावत की चर्चाओं के बीच पार्टी ने अपने बागी नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी और कीर्ति आजाद ने बागी नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के पीछे भारतीय जनता पार्टी का हाथ है।

     प्रेस वार्ता में कीर्ति आजाद ने कहा कि टीएमसी के 29 सांसद पार्टी के ‘मां, माटी और मानुष’ के सिद्धांतों के आधार पर जनता का समर्थन प्राप्त कर संसद पहुंचे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कुछ नेताओं को पार्टी से शिकायत थी तो उन्होंने यह मुद्दा चुनाव से पहले या चुनाव के दौरान क्यों नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि सुखेंदु शेखर रॉय ने कम से कम राजनीतिक नैतिकता का परिचय देते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया था। अन्य असंतुष्ट नेताओं को भी नैतिकता दिखाते हुए इस्तीफा देकर जनता के बीच जाना चाहिए और यदि वे चाहें तो बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।

     कीर्ति आजाद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से ही नेता चुनाव जीतकर संसद तक पहुंचे हैं। उन्होंने बागी नेताओं द्वारा समर्थकों की संख्या को लेकर किए जा रहे दावों पर भी सवाल खड़े किए और उनसे अपनी राजनीतिक रणनीति स्पष्ट करने की मांग की।

     वहीं, कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि कुछ सांसद सत्ता और उससे मिलने वाली सुविधाओं के बिना नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास सरकारी एजेंसियों और सत्ता का प्रभाव हो सकता है, लेकिन टीएमसी के साथ पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और आम जनता खड़ी है।

     कल्याण बनर्जी ने सांसद काकोली घोष दस्तीदार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि उन्होंने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है तो पार्टी की मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) के पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी गतिविधियां पार्टी के हितों के खिलाफ हैं और यह सब बीजेपी नेतृत्व के इशारे पर किया जा रहा है।

    टीएमसी नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बार-बार यह दावा दोहराया कि पार्टी के भीतर असंतोष को भाजपा द्वारा हवा दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक टीएमसी के साथ मजबूती से जुड़े हुए हैं तथा जनता बागी नेताओं की राजनीति को समझ रही है।