होम छत्तीसगढ़ मोदी सरकार के 12 वर्ष ऐतिहासिक और स्वर्णिम काल : मुख्यमंत्री विष्णुदेव...

मोदी सरकार के 12 वर्ष ऐतिहासिक और स्वर्णिम काल : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

रायपुर, 13 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित मीडिया कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक देश का नेतृत्व करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि यह दौर भारत के विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का स्वर्णिम काल रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए गरीब कल्याण, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि और मुद्रा योजना जैसी पहलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में उभरा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री, विदेशी निवेश में वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा इसका प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों की भी सराहना की।

छत्तीसगढ़ के विकास का उल्लेख करते हुए साय ने कहा कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। रेलवे, सड़क और हवाई संपर्क के क्षेत्र में भी तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने विकास और विरासत संरक्षण को साथ लेकर देश को नई दिशा दी है।

मीडिया कॉन्क्लेव में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।