जयपुर, 15 जून। राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना जयपुर के शहीद स्मारक पर हुई, जहां बड़ी संख्या में युवा नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के विरोध में एकत्र हुए थे। प्रदर्शन का आयोजन कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा किया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के कंधों पर सवार होकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ युवकों ने कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मार दिए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आरोप है कि दीपके के समर्थकों ने हमलावर युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों युवकों को अपने कब्जे में लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी किसी राजनीतिक संगठन या दल से जुड़े हैं या नहीं।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने भ्रष्टाचार, पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर जमकर नारेबाजी की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




