होम ब्रेकिंग न्यूज दिशा सालियान मामले में आदित्य ठाकरे का दावा—‘न कभी मिला, न जानता...

दिशा सालियान मामले में आदित्य ठाकरे का दावा—‘न कभी मिला, न जानता था’

0

मुंबई, 16 सितम्बर। शिवसेना (यूबीटी) के नेता और विधायक आदित्य ठाकरे ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वह दिशा सालियान को न तो जानते थे और न ही कभी उनसे मिले थे। आदित्य ने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक और निजी स्वार्थों के चलते उनका नाम इस मामले से जोड़कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

          आदित्य ठाकरे का यह बयान केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा वर्ष 2020 के दिशा सालियान मौत मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के कुछ दिन बाद आया है। मुंबई उच्च न्यायालय के निर्देश और दिशा सालियान के पिता की ओर से दायर याचिका के अनुपालन में दर्ज की गई इस प्राथमिकी में फिलहाल किसी आरोपी का नाम नहीं है।

        आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा कि पिछले करीब छह वर्षों से कुछ लोग राजनीतिक और निजी मंशा के तहत लगातार उनका नाम इस दुखद मामले से जोड़ रहे हैं। उन्होंने इसे बिना किसी सबूत के उनके चरित्र हनन का जानबूझकर किया जा रहा प्रयास बताया।

       उन्होंने कहा, ‘‘आइए एक बार फिर शोर से अलग होकर तथ्यों की बात करें। मैं दिशा सालियान से कभी नहीं मिला और न ही उन्हें जानता था।’’ ठाकरे ने आरोप लगाया कि निहित स्वार्थ वाले लोग लगातार उन्हें बदनाम करने का अभियान चला रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

       शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा कि राजनीतिक मंशा से किए जा रहे दुष्प्रचार और चरित्र हनन से विचलित हुए बिना मामले की आधिकारिक पुनः जांच को आगे बढ़ने दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास उन्हें सच्चाई और अपने साथी नागरिकों के लिए लड़ने से नहीं रोक सकते।

       आदित्य ठाकरे ने अपने पोस्ट में कहा कि जो लोग राजनीतिक फायदे के लिए किए जा रहे इन प्रयासों के जरिए उन्हें सच्चाई के लिए संघर्ष करने से रोकना चाहते हैं, उनकी रणनीति सफल नहीं होगी। उन्होंने दोहराया कि वह हमेशा सच्चाई के साथ खड़े रहेंगे और उसके लिए लड़ते रहेंगे।

क्या है दिशा सालियान मामला?

         दिशा सालियान की आठ जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में स्थित एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। मुंबई पुलिस ने शुरुआत में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज की थी। बाद में जांच के आधार पर इसे आत्महत्या का मामला बताया गया।

         इसके करीब एक सप्ताह बाद, 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध को लेकर उस समय कई तरह की अटकलें सामने आई थीं। हालांकि, दिशा सालियान मामले में दर्ज नई प्राथमिकी और आगे की जांच के निष्कर्षों से ही इस मामले के तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।