रायपुर, 12 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को लीग एंबेसडर नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार द्वारा आयोजित इस लीग का शुभारंभ 21 अक्टूबर को रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा। प्रतियोगिता 1 नवंबर तक चलेगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों की घोषणा की गई। इस दौरान ड्रॉ के माध्यम से टीमों को खिलाड़ियों का आवंटन किया गया और सभी टीमों की जर्सी भी लॉन्च की गई। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी और एक मुख्य कोच होगा।
श्री साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी को लीग एंबेसडर बनाए जाने से युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने लीग में निवेश करने वाले छह टीम मालिकों और प्रायोजकों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी से प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा देने और जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने में मदद मिलेगी।
लीग एंबेसडर सरदार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय मंच उपलब्ध कराने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करेगी।
छह फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।
प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों, पूर्व ओलंपियनों और छत्तीसगढ़ की स्थानीय प्रतिभाओं का मिश्रण देखने को मिलेगा। प्रत्येक टीम में एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी और चार अतिथि खिलाड़ी शामिल होंगे।
18 पुरुष मुकाबले, महिला हॉकी का प्रदर्शनी मैच भी
लीग में छह टीमों के कुल 132 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता के दौरान 18 पुरुष हॉकी मुकाबले खेले जाएंगे। इसके साथ ही महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता को छह लाख रुपये दिए जाएंगे। दर्शक सभी मुकाबलों का नि:शुल्क आनंद ले सकेंगे। प्रतियोगिता के दौरान हॉकी के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।




