रायपुर, 12 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती 2026 के तहत दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए पात्रता का दायरा बढ़ाया गया है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 9 अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुपालन में लोक शिक्षण संचालनालय ने भर्ती विज्ञापन में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया है।
संशोधन के तहत हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान विषयों के शिक्षक पदों के लिए पूर्ण दृष्टिबाधिता और सेरेब्रल पाल्सी को पात्र दिव्यांगता श्रेणियों में शामिल किया गया है। गणित विषय में सेरेब्रल पाल्सी और कुष्ठ रोग से उपचारित दिव्यांगता, जबकि कृषि विषय में सेरेब्रल पाल्सी को शामिल किया गया है।
इस भर्ती के तहत ई-संवर्ग के 868 और टी-संवर्ग के 786, कुल 1654 शिक्षक पदों पर भर्ती की जाएगी। संशोधन के दायरे में आने वाले नए पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा अलग से घोषित की जाएगी।
भर्ती से संबंधित संशोधित विज्ञापन और विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी संबंधित आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।




