होम ब्रेकिंग न्यूज जनगणना-2027 पर कांग्रेस का हमला, सरकार की मंशा पर उठाए सवाल

जनगणना-2027 पर कांग्रेस का हमला, सरकार की मंशा पर उठाए सवाल

0

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर। कांग्रेस ने जनगणना-2027 के लिए प्रगणकों की पात्रता का दायरा बढ़ाए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तरह जनगणना की प्रक्रिया को भी प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी साजिशों की कोई सीमा नहीं है।

      जयराम रमेश ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि केंद्र सरकार ने जनगणना-2027 के लिए पात्र प्रगणकों की सूची का विस्तार किया है। उन्होंने इस फैसले के पीछे गलत मंशा होने का आरोप लगाया। रमेश ने दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने 10 से 12 जुलाई, 2026 के दौरान बेलगाम में अपने कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया था, जिसका मुख्य एजेंडा जनगणना-2027 था।

       कांग्रेस नेता ने केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से 26 मई, 2026 को गठित जनसांख्यिकीय बदलाव संबंधी उच्चस्तरीय समिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समिति ने हाल ही में देश में जनसांख्यिकीय परिवर्तनों को लेकर आम लोगों के साथ भारतीय और विदेशी संगठनों से सुझाव मांगे हैं। रमेश ने आरोप लगाया कि समिति के सदस्यों का संबंध आरएसएस के तंत्र से है, ऐसे में उसके समक्ष आने वाले सुझावों की प्रकृति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

       रमेश ने कल 16 अक्टूबर को जारी जनगणना संबंधी अधिसूचना को आरएसएस के प्रशिक्षण शिविर और जनसांख्यिकीय बदलाव संबंधी समिति की ओर से 14 अक्टूबर को सुझाव आमंत्रित किए जाने की घटनाओं से जोड़कर देखने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम आरएसएस और भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं के लिए ‘रोजगार गारंटी योजना’ की तरह है।

       कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि इन कदमों से जनगणना की विश्वसनीयता पर और प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया को भी राजनीतिक उद्देश्यों से प्रभावित किया जा सकता है।जयराम रमेश ने कहा कि एक और संस्था को नष्ट किया जा रहा है। उन्होंने एसआईआर का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि जनगणना को भी खतरनाक तरीके से प्रभावित किया जाएगा।