MainSlideखास ख़बरब्रेकिंग न्यूज

श्री अमरनाथ जी की 38 दिनों की वार्षिक यात्रा आज से शुरू

श्रीनगर 03 जुलाई।श्री अमरनाथ जी की 38 दिनों की वार्षिक यात्रा आज सुबह दोनों मार्गों दक्षिण कश्मीर के पहलगाम और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के बालतल मार्ग से शुरू हो गई।

     जम्मू कश्मीर प्रशासन ने आज तड़के यात्रियों को पवित्र गुफा के लिए दोनों मार्गों से जाने की अनुमति दी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने “बम बम भोले” और “बर्फानी बाबा की जय” के जयकारे लगाए।

  इससे पहले उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कल सुबह जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा जाने के लिए श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

    इस वर्ष कश्‍मीर क्षेत्र में हिमालय में 12 हजार 756 फीट ऊंची पवित्र गुफा में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। 22 अप्रैल को पहलगाम हमले को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षित, निर्बाध और संरक्षित तीर्थयात्रा के लिए विस्‍तृत सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है। यात्री प्रतिदिन जम्मू बेस कैंप से रवाना होकर कश्मीर क्षेत्र के दोनों यात्रा मार्गों पर बेस कैंपों तक पहुंचते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button