MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज

भाजपा सदस्यता अभियान की हुई शुरुआत,पहले सदस्य बने मुख्यमंत्री साय

रायपुर 03सितम्बर।छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के संगठन महापर्व सदस्यता अभियान का मंगलवार को प्रदेश में भव्य शुभारंभ हुआ।

      राजधानी के पं दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आहूत इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सबसे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने सदस्य बनाकर सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया।श्री साय की सदस्यता के बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने सदस्यता ग्रहण कर प्रक्रिया पूर्ण की।पूर्व राज्यपाल रमेश बैस सहित मंचस्थ अतिथियों ने भी इसके बाद सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

   श्री साय ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सदस्यता लेकर सोमवार को सदस्यता अभियान शुरू किया। आज प्रदेश में यह अभियान प्रारंभ हुआ है। श्री साय ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा की यात्रा जन संघ के रूप में शुरू हुई थी। सन 1980 में भाजपा के गठन को लेकर अब तक की राजनीतिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा ने अटल जी और अब श्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाई। श्री साय ने कहा कि सभी कार्यकर्ता गली-गली घर-घर पहुंचकर भाजपा का सदस्य बनाकर पार्टी को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाना है।

   कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि सदस्यता हमारी पार्टी का मूल आधार है। इस अभियान में पूरे देश के सभी वर्ग, समाज, आयु के लोग आज भाजपा से जुड़ने के लिए तत्पर है। इस अभियान की 4 सितम्बर से जिला और 5 सितम्बर से मंडल स्तर पर शुरुआत होगी। इस निमित्त प्रदेश, जिला, मंडल स्तर पर कार्यशालाओं का ब्यौरा देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा की सदस्यता अभियान में वे अपना अधिक से अधिक समय दे और इस अभियान में तेज गति से जुटे।

Related Articles

Back to top button