छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ में सर्द हवाओं ने बढ़ाई कंपकंपी, 17 नवंबर तक कड़ाके की ठंड

छत्तीसगढ़ में बीते तीन दिनों से लगातार बढ़ रही सर्दी ने जनजीवन पर असर डाल दिया है। सुबह और रात के समय कंपकंपी बढ़ गई है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 72 घंटे बाद प्रदेश को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से नमी बढ़ेगी और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

फिलहाल 17 नवंबर तक लोगों को तेज ठंड का सामना करना पड़ेगा। उत्तरी हिस्सों से लगातार शुष्क और ठंडी हवा बह रही है, जिसके कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। नमी आने के बावजूद बारिश की संभावना नहीं है और एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की ही उम्मीद है।

सरगुजा में शीतलहर, कई जिलों में पारा गिरा

सरगुजा संभाग में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा दुर्ग और राजनांदगांव के कई इलाकों में भी सर्द हवाएं चल रही हैं। अन्य जिलों में भी सुबह के समय ठिठुरन का प्रभाव साफ महसूस हो रहा है।

कई शहरों में तापमान सामान्य से काफी नीचे

रायपुर का न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है।

राजधानी का अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे 29 डिग्री दर्ज किया गया।

माना में पारा 11 डिग्री तक पहुंच गया।

दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज हुआ।

अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री तक गिर गया और अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री रहा।

बिलासपुर में अधिकतम 28.4 और न्यूनतम 13 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम 10 डिग्री रहा।

राजधानी रायपुर में आज का मौसम

रायपुर में आज आकाश साफ रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Related Articles

Back to top button