MainSlideराजनीति

झारखंड में तीसरे चरण का चुनाव प्रचार आज होगा समाप्त

रांची 10 दिसम्बर।झारखंड में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का चुनाव प्रचार आज समाप्त हो जाएगा। इस चरण में राज्य के आठ जिलों की 17 विधानसभाओं के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा।

इस चरण की 17 विधानसभा सीटों पर आज शाम तीन बजे प्रचार थम जाएगा। रांची, हटिया, कांके, रामगढ़ और बारकट्टा में पांच बजे तक चुनाव रैलियां होंगी।

तीसरे चरण के चुनाव प्रचार में रोजगार, शिक्षा की सुविधा, पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण बढ़ाने का वायदा और महिला सुरक्षा से संबंधित मुद्दे प्रमुखता से छाए हुए हैं।भाजपा के नेता अपनी चुनावी सभाओं में केन्‍द्र और राज्‍य सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बल पर अपने प्रत्‍याशियों के लिए जनता से वोट देने की अपील कर रहे हैं।

वहीं कांग्रेस, झारखण्‍ड मुक्ति मोर्चा और राष्‍ट्रीय जनता दल के गठबंधन की सभाओं में पार्टी नेताओं का अधिक जोर जनजातीय समुदाय, युवा और किसानों की समस्‍याओं पर है। झारखण्‍ड विकास मोर्चा और ऑल झारखण्‍ड स्‍टूडेंट यूनियन सत्‍ता में आने पर राज्‍य के लोगों को बेहतर प्रशासन देने का वायदा कर रहे हैं।

भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तथा कांग्रेस एवं गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कल हजारीबाग जिले में चुनावी संभाएं की।

Related Articles

Back to top button