MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज

साय ने गृह मंत्री शाह को छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियानों की दी जानकारी

रायपुर, 01 अगस्त।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली स्थित संसद भवन में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध चल रहे अभियानों, समग्र विकास योजनाओं, और बस्तर क्षेत्र में हो रहे परिवर्तन को लेकर विस्तार से जानकारी दी।

    श्री साय ने केंद्रीय गृह मंत्री को माओवादी उन्मूलन अभियान की अब तक की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक 33 बड़ी मुठभेड़ें हुई हैं, जिनमें 445 माओवादी न्यूट्रलाइज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 1554 माओवादी गिरफ्तार हुए हैं और 1588 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।

     उन्होने बताया कि राज्य सरकार ने “समन्वित विकास और सुरक्षा” की नीति को अपनाते हुए माओवादी प्रभाव को जड़ से खत्म करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। इसके तहत सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक विस्तार पर बल दिया जा रहा है। इस नीति का सकारात्मक असर देखा गया है, जिससे न केवल माओवादी गतिविधियों में कमी आई है, बल्कि स्थानीय समुदायों में प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।

     श्री शाह ने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इन्हें ऐतिहासिक उपलब्धियाँ” बताया। उन्होंने माओवाद उन्मूलन के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

     बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर आगामी अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह आयोजन राज्य की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आर्थिक उपलब्धियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर होगा।

     श्री साय ने बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास और सुरक्षा में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का विशेष रूप से आभार जताया।

Related Articles

Back to top button