MainSlideछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अब तक छह उम्मीदवारों के किए नामांकन

रायपुर 22 मार्च।छत्तीसगढ़ में पहले और दूसरे चरण के निर्वाचन के लिए आज छह उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा किए हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने आज यहां बताया कि पहले चरण के निर्वाचन वाले बस्तर लोकसभा क्षेत्र के लिए श्री आयतु राम मंडावी ने बहुजन समाज पार्टी और श्री दीपक कुमार बैज ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र जमा किए हैं।

दूसरे चरण के निर्वाचन वाले कांकेर लोकसभा क्षेत्र से दो तथा राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से एक-एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र जमा किया है। कांकेर से कांग्रेस के श्री बीरेश ठाकुर और बहुजन समाज पार्टी के श्री सुबे सिंह ध्रुवा ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं राजनांदगांव में आंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया के श्री शेखूराम वर्मा तथा महासमुंद में नेशनल डेमोक्रेटिक पिपुल्स फ्रंट के श्री श्रीधर चन्द्राकर द्वारा नामांकन दाखिल किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि पहले चरण के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन की प्रक्रिया 18 मार्च से और दूसरे चरण के लिए 19 मार्च से जारी है। पहले चरण के लिए नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 मार्च और दूसरे चरण के लिए 26 मार्च है।नामांकन पत्रों की संवीक्षा 26 मार्च को की जाएगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 28 मार्च है।

Related Articles

Back to top button