बाजार

Gold Silver ETF का रिकॉर्ड: AUM ₹3 लाख करोड़, 5 महीने में तीन गुना उछला आंकड़ा

जनवरी में गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ (Gold Silver ETF) में निवेश ने नया रिकॉर्ड बना दिया है, जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि निवेशक अब सुरक्षित विकल्पों की तरफ तेजी से रुख कर रहे हैं। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुएल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETF) का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 3 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। सिर्फ पांच महीनों में यह आंकड़ा करीब तीन गुना बढ़ा है। अगस्त 2025 में यह करीब 1 लाख करोड़ रुपए था।

निवेशकों की संख्या भी बढ़ी
तेजी सिर्फ रकम में ही नहीं, निवेशकों की संख्या में भी दिखी है। गोल्ड ETF फोलियो बढ़कर 1.14 करोड़ हो गए, जो पहले 80.34 लाख थे। वहीं सिल्वर ETF फोलियो 11.31 लाख से उछलकर 47.85 लाख पहुंच गए। यानी छोटे निवेशक भी तेजी से सोना-चांदी ETF को अपना रहे हैं।

जनवरी में कितना हुआ निवेश?
जनवरी में रिकॉर्ड इनफ्लो देखने को मिला। गोल्ड ETF में 24,039 करोड़ रुपए और सिल्वर ETF में 9,463 करोड़ रुपए का निवेश आया। हैरानी की बात यह रही कि दोनों मिलाकर आया पैसा इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में आए 24,029 करोड़ रुपए से भी ज्यादा रहा। दिसंबर में यह ट्रेंड उल्टा था, जब इक्विटी फंड्स में ज्यादा पैसा गया था।

कीमती धातुओं में बढ़ रहा निवेश
बाजार विशेषज्ञ मानते हैं कि बाजार की अनिश्चितता और उतार-चढ़ाव के बीच निवेशक पोर्टफोलियो का 10-15% हिस्सा कीमती धातुओं में रखना पसंद कर रहे हैं। उनका सुझाव है कि एकमुश्त बड़ी रकम लगाने की बजाय SIP या चरणबद्ध निवेश बेहतर रणनीति हो सकती है।

उतार-चढ़ाव के बीच SIP कर रहे लोग
हालांकि इक्विटी फंड्स में भी लंबी अवधि का भरोसा कायम है। मॉर्निगं स्टार इंडिया के हिमांशु श्रीवास्तव बताते हैं कि बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद SIP निवेश लगातार आ रहा है और भारतीय शेयर बाजार की ग्रोथ स्टोरी पर भरोसा बना हुआ है। यानी यह साफ है कि मौजूदा माहौल में गोल्ड-सिल्वर ETF निवेशकों के पोर्टफोलियो में संतुलन और सुरक्षा का बड़ा जरिया बनते दिख रहे हैं।

Related Articles

Back to top button