Sunday , February 15 2026

राजिम कुंभ कल्प 2026के समापन पर साय ने की विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती में हुए शामिल

राजिम, 15 फरवरी। धर्म नगरी राजिम में आयोजित राजिम कुंभ कल्प 2026 के भव्य समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धा और आस्था के साथ सहभागिता की।

   श्री साय ने सर्वप्रथम ऐतिहासिक राजीव लोचन मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा भगवान श्री राजीव लोचन से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम का यह पावन तीर्थ सनातन आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

   इसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश की निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि की प्रार्थना करते हुए कहा कि राजिम कुंभ कल्प केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा, सांस्कृतिक एकता और लोक परंपराओं का विराट उत्सव है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है।

मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री महानदी तट पर आयोजित भव्य महाआरती में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और दीपों की ज्योति से आलोकित संगम क्षेत्र में उन्होंने श्रद्धापूर्वक महानदी मैया की आरती उतारी और प्रदेश की उन्नति के लिए प्रार्थना की।

   अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा यह सामाजिक सद्भाव और समरसता को सुदृढ़ करता है।

   इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साधु-संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।